बर्फबारी से राज्य में सैकड़ों सड़कें-बिजली ट्रांसफार्मर अभी ठप, इस दिन से फिर बिगड़ेगा माैसम

राज्य में 17 स्थानों पर रात का तापमान 5 डिग्री से कम दर्ज किया है। इनमें से छह स्थानों पर माइनस में है। राज्य में फिर से माैसम बिगड़ने के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के बाद जिला कुल्लू, लाहौल-स्पीति, शिमला, चंबा और मंडी व सिरमौर जिला के कई क्षेत्रों में दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। प्रदेश में शुक्रवार शाम तक 485 सड़कें और 436 बिजली ट्रांसफार्मर ठप थे। 62 जल आपूर्ति स्कीमें भी प्रभावित हैं। राज्य में 17 स्थानों पर रात का तापमान 5 डिग्री से कम दर्ज किया है। इनमें से छह स्थानों पर माइनस में है। शिमला व आसपास भागों में आज धूप खिली हुई है। धूप खिलने से सड़कों व बिजली की बहाली के कार्यों में तेजी आ सकेंगी। हालांकि, प्रदेश में फिर से माैसम बिगड़ने का पूर्वानुमान भी जताया गया है। वहीं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आज कुल्लू, मनाली, लाहौल, स्पीति व पांगी क्षेत्र में 2500 मीटर के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी की है।डेढ़ से तीन फीट बर्फ के बीच जंगल में पेयजल आपूर्ति बहाल करने में जुटे कर्मी
वहीं चंबा जिले में बर्फबारी के बीच जलशक्ति विभाग उपमंडल उदयपुर के कर्मी डेढ़ से तीन फीट बर्फ के बीच घने जंगल, गहरी खाई को पार करते हुए लोगों के घरों तक पानी पहुंचाने के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं। जल शक्ति विभाग के फीटर सुनील, सचिन और जलरक्षक अनु कुमार का पेयजल आपूर्ति बहाल करते एक वीडियो भी सामने आया है। बर्फबारी के बीच जमा देने वाली ठंड में जहां लोग घरों  से बाहर निकलने में भी कतराते हैं। वहीं विभागीय कर्मी लोगों की प्यास बुझाने के लिए जी जान से जुटे हुए हैं।मनाली के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, अब राइट बैंक मार्ग से वोल्वो बस स्टैंड चलेंगी बसें
बर्फबारी के बाद मनाली में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ लेकिन अब धीरे-धीरे पटरी पर लाैट रहा है। शुक्रवार को पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार आम जनता व यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब सभी वोल्वो बसों व सभी दैनिक रूटों पर संचालित बसों को राइट बैंक मार्ग से वोल्वो बस स्टैंड मनाली तक आने की अनुमति प्रदान की गई है। यह व्यवस्था मौसम की स्थिति के अधीन रहेगी। भारी बारिश-बर्फबारी, फिसलन या दृश्यता कम होने की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस व्यवस्था में अस्थायी परिवर्तन किया जा सकता है या इसे स्थगित भी किया जा सकता है। यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों व यातायात पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रशासन ने सभी बस चालकों व परिचालकों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित राइट बैंक मार्ग का ही उपयोग करें तथा यातायात नियमों एवं पुलिस-प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। यह ट्रैफिक एडवाइजरी तत्काल प्रभाव से लागू होगी एवं मौसम की स्थिति के अनुसार इसमें आवश्यकतानुसार परिवर्तन किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *