धमाके की धमकी के बीच रिज पर पड़े लावारिस बैग से मचा हड़कंप, बम निरोधक दस्ता भी बुलाया; जानें

गणतंत्र दिवस पर धमाके की धमकी के बीच सोमवार शाम ऐतिहासिक रिज मैदान पर एक लावारिस ट्रॉली बैग से हड़कंप मच गया। शाम करीब 6:00 बजे कुछ लोगों ने रिज पर एक लावारिस बैग देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। रिज पर गश्त कर रहे जवान पुलिस रिपोर्टिंग रूम की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। अफरातफरी के बीच पुलिस टीम ने इस बैग के चारों ओर बेरिकेडिंग कर दी। लोगों को भी इस क्षेत्र से हटाया गया। काफी देर से संदिग्ध हालत में पड़े इस बैग को छूने या खोलने की किसी की हिम्मत नहीं हुई। इसके बाद बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर इसे जांचा तो पता चला कि इसमें कोई धमाके वाली चीज नहीं है। करीब 40 मिनट तक रिज पर अफरातफरी का माहौल रहा। इसके बाद बैग का मालिक मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि कपड़ों से भरा यह बैग चंडीगढ़ के एक सैलानी का है। यह सैलानी अपने दोस्तों के साथ रिज पर घूम रहा था। इस दौरान एचपीएमसी के समीप इसने अपना बैग रख दिया था।

बैग को थाने ले गई पुलिस
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बैग कब्जे में ले लिया और इसे सदर थाने ले गई। यहां पूछताछ और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बैग सैलानी को लौटाया गया। रिज पर गणतंत्र दिवस को लेकर सोमवार को दिन भर शिमला पुलिस अलर्ट पर रही। रिज मैदान और मालरोड पर देर शाम तक सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद थी। 12 जनवरी को उपायुक्त शिमला के ईमेल पर गणतंत्र दिवस पर धमाके की धमकी का एक संदेश पहुंचा था जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर थी। कड़ी सुरक्षा के बीच ऐतिहासिक रिज पर गणतंत्र दिवस का सफल आयोजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *