कसौली मार्केट के सभी प्रभावितों को फौरी राहत राशि प्रदान

उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि आज प्रातः कसौली हेरिटेज मार्केट में ज़िला प्रशासन द्वारा सभी अग्निकांड प्रभावित 08 दुकानदारों को फौरी राहत के रूप में 25-25 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई है।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि स्थानीय प्रशासन, पुलिस तथा अग्निशमन विभाग एवं विद्युत बोर्ड द्वारा सूचना मिलते ही त्वरित कार्यवाही अमल में लाई गई।
उन्होंने कहा कि प्राप्त सूचना के अनुसार प्रातः लगभग 04.00 बजे के आस-पास आग लगने की जानकारी प्राप्त हुई और सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग सहित अन्य सम्बद्ध विभागों द्वारा आग पर नियंत्रण के सघन प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही चार अग्निशमन वाहन आग बुझाने के लिए तुरंत भेजे गए। सघन कार्यवाही के उपरांत आग पर पूरा तरह नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया है।
उपायुक्त ने कहा कि इस अग्निकांड में कसौली हेरिटेज मार्केट के 08 दुकानदारों गुरूदीप आनन्द सुपुत्र गिरधारी लाल की गिफ्ट आइटम शॉप, अविनाश सहगल सुपुत्र नरेश कुमार की गिफ्ट आइटम शॉप, गौरव कुमार गुप्ता सुपुत्र सुरेश कुमार गुप्ता की गिफ्ट आइटम शॉप, अमन चौपड़ा सुपुत्र प्रकाश चौपड़ा की मोमोज शॉप, बलदेव किश्न सुपुत्र मोहन लाल की फास्ट फूड शॉप, रमेश कुमार सुपुत्र राम लाल की स्वीट्स शॉप, विशाल अग्रवाल सुपुत्र कृष्णामूर्ति का मेडिकल एवं जनरल स्टोर तथा भूपेन्द्र सिंह सुपुत्र अचरज सिंह की फास्ट फूड की दुकान को नुकसान पहुंचा है।
उपमण्डलाधिकारी कसौली की रिपोर्ट के अनुसार इस अग्निकांड में लगभग 03 करोड़ रुपए की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है।
उपायुक्त ने कहा कि ज़िला प्रशासन समय-समय पर आपदा से बचाव के लिए जागरूक करता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि आपदा की स्थिति में तुरंत आपातकालीन नम्बर 1077 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *