स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशक डॉ. गोपाल बेरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को क्षय रोग मुक्त बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। डॉ. गोपाल बेरी गत दिवस सोलन में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
डॉ. बेरी ने कहा कि राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम का उद्देश्य क्षय रोगियों की समय पर पहचान करना, उनका पूर्ण उपचार करना और इसे रोकना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत क्षय रोग की जांच, उपचार और दवाइयां निःशुल्क प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि क्षय रोगियों को उपचार के दौरान निक्षय पोषण योजना के तहत वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाती है।
उन्होंने खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्राधिकार में क्षय रोग की जांच के लिए शिविरों का आयोजन करना सुनिश्चित बनाएं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. सोनम नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक सहित खण्ड चिकित्सा अधिकारी व अन्य चिकित्सक उपस्थित थे।
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित
