सोलन। शहर में नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों समेत रेहड़ी-फड़ी वालों पर शिकंजा कसा है। शुक्रवार को नगर निगम ने बाहर तक सामान सजाकर बैठने वाले 25 दुकानदारों पर कार्रवाई की। दुकानदारों के 14,500 रुपये के चालान किए गए हैं। नगर निगम कर्मचारियों ने हिदायत दी कि अगर फिर अतिक्रमण किया तो अब सख्त कार्रवाई करते हुए सामान तक जब्त कर लिया जाएगा।
नगर निगम की टीम दोपहर बाद करीब 3:00 बजे अतिक्रमण पर कार्रवाई करने के लिए पहुंची। टीम को देखते हुए दुकानदारों ने फटाफट सामान समेटना शुरू कर दिया। वहीं, रेहड़ी-फड़ी लगाकर बैठे लोग भी सामान को इधर-उधर रखने लगे। ऐसे में दुकानदारों में हड़कंप मच गया। टीम ने मालरोड से ही चालान कराना शुरू कर दिए। इस दौरान निगम टीम ने पुराने उपायुक्त चौक से कार्रवाई शुरू की और पुराने बस स्टैंड से चौक बाजार तक अतिक्रमण करने वालों पर शिकंजा कसा।बता दें कि नगर निगम को काफी समय से अतिक्रमण करने वालों की शिकायतें मिल रही थी। इसके बाद टीम ने कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान मालरोड और मुख्य बाजार में ज्यादा अतिक्रमण देखा। दुकानदारों को टीम ने कहा कि वे अपनी सीमित जगह पर ही सामान रखें। अगर वे निर्देशों का पालन नहीं करते हैं तो रोजाना कार्रवाई करते हुए सामान जब्त कर लिया जाएगा। उधर, निरीक्षक राजेश ने बताया कि 25 दुकानदारों के खिलाफ अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की है। 14,500 रुपये के चालान किए हैं। उन्होंने कहा कि कार्रवाई आगामी दिनों में भी जारी रहेगी।
शहर में अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई, नगर निगम ने किए 14,500 रुपये के किए चालान
