बजट से पहले इकोनॉमी पर गुड न्यूज, ऑल टाइम हाई पर पहुंचा विदेशी मुद्रा भंडार

आरबीआई आंकड़े के मुताबिक 23 जनवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान 8.05 अरब डॉलर बढ़कर 709.41 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया। इससे पिछले सप्ताह में कुल मुद्रा भंडार 14.16 अरब डॉलर बढ़कर 701.36 अरब डॉलर रहा था। Budget 2026: देश का आम बजट एक फरवरी को पेश होने वाला है। बजट से पहले आर्थिक मोर्चे पर एक अच्छी खबर मिली है। दरअसल, भारत का विदेशी मुद्रा भंडार ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) आंकड़े के मुताबिक 23 जनवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान 8.05 अरब डॉलर बढ़कर 709.41 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया। इससे पिछले सप्ताह में कुल मुद्रा भंडार 14.16 अरब डॉलर बढ़कर 701.36 अरब डॉलर रहा था। बता दें कि मुद्रा भंडार सितंबर 2024 में 704.89 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा था लेकिन हाल के दिनों में इस पर दबाव देखा गया। खासकर तब जब रुपये में अत्यधिक उतार-चढ़ाव को रोकने के लिए मुद्रा भंडार का उपयोग किया गया।

क्या कहते हैं आंकड़े

केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, 23 जनवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 2.36 अरब डॉलर बढ़कर 562.88 अरब डॉलर हो गईं। डॉलर के रूप में व्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर अमेरिकी मुद्राओं में मूल्य वृद्धि या मूल्यह्रास के प्रभाव शामिल होते हैं।

गोल्ड रिजर्व के मूल्य में उछाल

आरबीआई ने कहा कि सप्ताह के दौरान गोल्ड रिजर्व का मूल्य 5.63 अरब डॉलर बढ़कर 123.08 अरब डॉलर हो गया। केंद्रीय बैंक ने बताया कि विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 3.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.73 अरब डॉलर हो गया आंकड़ों के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत की आरक्षित स्थिति भी 1.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.70 अरब डॉलर हो गई।

डॉलर के मुकाबले 92 के पार गया रुपया

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 92.02 के रिकॉर्ड निचले स्तर को छूने के बाद कारोबार के अंत में मामूली बढ़त लिए 91.97 पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया 91.89 प्रति डॉलर पर खुला और इसमें आगे मजबूती आई। दिन के कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया 91.82 पर पहुंच गया। बाद में रुपया, अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 92.02 के अब तक के सबसे निचले स्तर को छूने के बाद सत्र के अंत में 91.97 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर से महज दो पैसे की बढ़त है। रुपया गुरुवार को, डॉलर के मुकाबले अपने सबसे निचले स्तर 91.99 पर सपाट बंद हुआ था। रुपये ने 23 जनवरी को डॉलर के मुकाबले 92 के अपने पिछले सबसे निचले स्तर को दर्ज किया था।

One thought on “बजट से पहले इकोनॉमी पर गुड न्यूज, ऑल टाइम हाई पर पहुंचा विदेशी मुद्रा भंडार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *